आजमगढ़ में सड़क किनारे मिला युवक का शव, परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज
1 min read

आजमगढ़ के जिवली बाजार स्थित यूबीआई बैंक के निकट जौनपुर–आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर महताब आलम के मकान के सामने नीम के पेड़ के पास लगभग 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने पहले मृतक की पहचान का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी शिनाख्त की कोशिश की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव के पास चप्पल रखी होने से स्थानीय लोग तरह-तरह की अटकलें लगाते रहे। काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान 24 वर्षीय नीतीश यादव पुत्र योगेंद्र, ग्राम सेनुरी थाना सरायमीर के रूप में हुई। वह ठेकमा स्थित एक टेंट हाउस में कर्मचारी था और अधिकतर वहीं रहता था। बताया गया कि वह ठेकमा से अपनी मौसी मीना देवी (पत्नी स्व. उदयराज), ग्राम कुरेथू थाना गौरा बादशाहपुर, जनपद जौनपुर जाने के लिए निकला था।
परिजनों से बातचीत के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि बीती रात किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई होगी। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। छोटे भाई नितिन यादव ने स्थानीय थाने में अज्ञात वाहन के विरुद्ध तहरीर दी है।
