कोहरे का कहर : 16 फ्लाइट देरी से आईं, ट्रेनों पर भी प्रभाव
1 min read
कई घंटे लेट से रवाना हुई वंदे भारत; यात्री परेशान
वाराणसी। गांव और शहर दोनों कोहरे की भयंकर चपेट में हैं। सुबह में दृश्यता 100 मीटर से भी कम रही। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार को घने कोहरे के कारण दोपहर 12 बजे तक कोई भी विमान लैंड नहीं कर सका। एयरपोर्ट पर पहला विमान 12.21 बजे काठमांडो से उड़ान भरकर बुद्धा एयरलाइंस का उतरा। इसके अलावा 16 उड़ानें देरी से पहुंचीं। सुबह की उड़ानें दोपहर और अपराह्न की उड़ानें शाम में पहुंचीं।
बुद्धा एयरलाइंस का विमान यू 4161 अपने निर्धारित समय सुबह 9.05 बजे के बजाय दोपहर 12.21 बजे उतरा। अकासा एयरलाइंस का विमान क्यूपी 1421 बंगलुरू से उड़ान भरकर सुबह 9.55 बजे की बजाय दोपहर 2.01 बजे पहुंचा। इसी एयरलाइंस का विमान क्यूपी 1633 सुबह 10.15 बजे की बजाय 1.17 बजे उतरा। इंडिगो का विमान हैदराबाद से उड़ान भरकर 11:15 बजे की बजाय 12.39 बजे पहुंचा। इंडिगो का विमान कोलकाता से 11.25 बजे की बजाय 12.59 बजे पहुंचा। इंडिगो एयरलाइंस का विमान बंगलूरू से 1.12 बजे पहुंचा। एयर इंडिया का विमान दिल्ली से 1.26 बजे पहुंचा। एयर इंडिया का विमान मुंबई से 1.32 बजे पहुंचा। विलंब से पहुंचने के कारण अपने गंतव्य के लिए भी विलंब से उड़ान भर सका। मौसम में बदवाव बना हुआ है। देर रात 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बही पछुआ ने सिहरन पैदा कर दी। जिले में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 15.8 और न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग द्वारा अगले 3-4 दिन के लिए कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. राजीव भाटला ने कहा कि एक और पश्चिमी विक्षोभ का बड़ा झोंका भारत में आ रहा है। चार जनवरी को हिमालय पर पहुंचेगा।
कोहरे और विभिन्न रेल खंडों में ब्लॉक के चलते ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों की समस्याएं बढ़ गई हैं। कोहरे से वंदे भारत समेत अन्य ट्रेनों की रफ्तार थम गई है। वहीं, शिवगंगा समेत अन्य ट्रेनों में यात्रियों को साफ बेडरोल नहीं मिल पा रहा है। स्पेशल ट्रेनों के कोच में पेयजल की भी किल्लत है। पिछले डेढ़ माह में इस तरह की 300 से अधिक शिकायतें रेल मदद एप पर आई हैं। अधिकतर शिकायतें ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर हैं। कैंट स्टेशन से सुबह 22415 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस पांच घंटे की देरी से और अपराह्न वाली 22435 वाराणसी नई दिल्ली वंदे भारत साढ़े तीन घंटे की देरी से गई। कैंट स्टेशन स्थित पूछताछ काउंटर के कर्मियों ने बताया कि रात में दिल्ली से आने वाली 22416 वंदे भारत एक्सप्रेस पांच घंटे, नई दिल्ली-वाराणसी नौ घंटे, नई दिल्ली जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस 10 घंटे, बरकाकाना वाराणसी मेमू 2.45 घंटे, दादर गोरखपुर सवा दो घंटे, प्रयागराज रामबाग बलिया पैसेंजर तीन घंटे, आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे देरी से आई। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि यात्रियों की शिकायतों पर तुरंत कार्यवाही होती है।
