तीन तलाक पीड़ित नूरजहां ने बदला धर्म, पूनम बनकर प्रेमी से की शादी, कहा- भगवान राम में आस्था
1 min read
बरेली। लखीमपुर खीरी जिले की रहने वाली तीन तलाक पीड़ित नूरजहां ने सनातन धर्म अपना लिया है। उन्होंने शुक्रवार को बरेली के एक आश्रम में प्रेमी धर्मपाल से शादी कर ली। दोनों की मुलाकात दिल्ली में हुई थी। दोनों एक-दूसरे को पांच साल से जानते हैं। आठ महीने से दोनों साथ में रह रहे हैं। शादी के बाद नूरजहां ने अपने परिवार से खतरा जताया है। पुलिस से सुरक्षा मांगी है।
आठवीं पास नूरजहां ने बताया कि माता-पिता ने जिस युवक से उनका निकाह कराया था, उसने तीन तलाक दे दिया। इस घटना ने नूरजहां को झकझोर दिया था। इस बीच दिल्ली के मुंडेरा में रहने के दौरान उनकी मुलाकात बरेली निवासी धर्मपाल से हुई। दोनों में दोस्ती हो गई। यह दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद नूरजहां अपने प्रेमी धर्मपाल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी। इस बीच दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया।
शुक्रवार को नूरजहां और धर्मपाल बरेली पहुंचे। यहां पंडित केके शंखधार से मुलाकात की। शंखधार ने हिंदू रीति रिवाज से दोनों की शादी करा दी। नूरजहां ने बताया कि उनकी सनातन धर्म में आस्था है। इसलिए स्वेच्छा से धर्म परिवर्तन कर अपना नाम पूनम देवी रख लिया।
नूरजहां ने बताया कि वह भगवान राम को मानती हैं। उनकी पूजा भी करती हैं। मंदिर भी जाती हैं। नूरजहां ने कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से धर्मपाल के साथ शादी की है। किसी का जोर दबाव नहीं है। धर्मपाल ने भी नूरजहां से शादी कर खुशी जताई और जिंदगी भर साथ देने का वादा किया।
