आजमगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, 30 दिन में 9.37 लाख की भरण–पोषण राशि दिलाई
1 min read
126 मामलों में 23 लाख रुपये से अधिक की धनराशि पीड़ित महिलाओं के खातों में पहुंची
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में ऐतिहासिक उपलब्धि
आजमगढ़। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत जनपद आजमगढ़ पुलिस ने महिलाओं के अधिकारों की रक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मात्र 30 दिनों की अवधि में प्रभावी पैरवी के माध्यम से 9 लाख 37 हजार 500 रुपये की भरण–पोषण राशि पीड़ित महिलाओं को दिलाई गई है। वहीं अब तक कुल 126 मामलों में 23 लाख 400 रुपये की धनराशि पीड़ित महिलाओं के बैंक खातों में पहुंचाई जा चुकी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के कुशल निर्देशन में जनपद के सभी थानों में लंबित भरण–पोषण से संबंधित मामलों को चिन्हित कर उन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत पुलिस पैरोकारों एवं थाना स्तर के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्रत्येक प्रकरण की माननीय न्यायालय में सशक्त और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए।जनवरी 2026 में 1 जनवरी से 30 जनवरी तक रिकॉर्ड समय में की गई इस कार्यवाही से वर्षों से भरण–पोषण राशि से वंचित महिलाओं और उनके बच्चों को बड़ी राहत मिली है। आर्थिक संकट से जूझ रहे कई परिवारों के जीवन में स्थायित्व आया है, जिससे महिलाओं का न्याय प्रणाली एवं पुलिस प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, न्याय और सम्मान प्रदान करना है। भरण–पोषण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई जनपद पुलिस की प्राथमिकता है और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। जनपद आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं से जुड़े अन्य लंबित मामलों को भी चिन्हित कर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है, ताकि प्रत्येक पीड़िता को समयबद्ध न्याय मिल सके। भरण–पोषण की राशि प्राप्त करने वाली महिलाओं ने न्यायालय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और शासन–प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की है।
