Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : 2047 तक विकसित भारत की डेडलाइन लेकर आया मोदी सरकार का बजट: अनिल राजभर

1 min read

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद आजमगढ़ के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार के बजट की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रिकॉर्ड नौवीं बार देश की संसद में बजट प्रस्तुत कर इतिहास रच दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट हेडलाइन बटोरने के लिए नहीं, बल्कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की स्पष्ट डेडलाइन के साथ लाया गया है। अनिल राजभर ने कहा कि बजट में आर्थिक विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। गरीब कल्याण, अन्नदाता किसान को आत्मनिर्भर बनाने, युवा शक्ति को अवसर देने और महिला सशक्तिकरण के लिए कई ठोस प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने विशेष रूप से एमएसएमई सेक्टर को सशक्त करने की पहल को युवाओं के लिए “उम्मीद का चिराग” बताया, जिससे रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बजट में निर्यात पर विशेष फोकस किया गया है। यूरोपीय यूनियन के साथ ट्रेड डील और अमेरिका के साथ भारत की शर्तों पर हुए समझौते के दूरगामी सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और सरकार का संकल्प है कि 2027 तक देश तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बने। प्रभारी मंत्री ने बताया कि बजट में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 50 प्रतिशत वृद्धि, प्रत्येक जनपद में ट्रॉमा सेंटर, महिलाओं के लिए हर जिले में हॉस्टल निर्माण का प्रावधान स्वागतयोग्य है। इसके साथ ही मुंबई–पुणे, पुणे–हैदराबाद, पुणे–बेंगलुरु, दिल्ली–वाराणसी और वाराणसी–सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से देश और विशेषकर उत्तर प्रदेश के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।उन्होंने जलमार्ग विकास की चर्चा करते हुए कहा कि बनारस को इसका केंद्र बनाया गया है। बनारस से हल्दिया तक जलमार्ग से व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिला है, वहीं बनारस में शिप रिपेयर सेंटर बनाए जाने का प्रावधान भी बजट में किया गया है। अंत में अनिल राजभर ने कहा कि यह बजट देशवासियों के विश्वास को जीतने वाला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को उत्तर प्रदेश को विशेष सौगात देने के लिए अभिनंदन किया और बजट का स्वागत किया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *