जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में कैदी की मौत
1 min readआजमगढ़ मंडलीय जिला कारागार में बृहस्पतिवार शाम एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने मौत पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। मृतक की पहचान मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र स्थित नया चौक निवासी विक्रम (24) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, विक्रम के खिलाफ जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में दर्ज एक चोरी के मामले में कार्रवाई हुई थी। उस मामले में वह पहले जेल जा चुका था। जेल से रिहा होने के बाद उसने न्यायालय में पेशी पर जाना बंद कर दिया, जिसके चलते अदालत से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हो गया। मृतक के भाई विक्की ने बताया कि करीब तीन दिन पहले जीयनपुर पुलिस घर पहुंची और विक्रम को अपने साथ कोतवाली ले गई। वहां से उसे मंडलीय जिला कारागार भेज दिया गया। बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े चार बजे जेल प्रशासन की ओर से परिजनों को सूचना मिली कि विक्रम की मौत हो गई है। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने घटना पर गंभीर सवाल उठाए। विक्की का कहना है कि विक्रम पूरी तरह स्वस्थ था। उसे किसी प्रकार की गंभीर बीमारी नहीं थी और न ही उसकी तबीयत खराब थी। उन्होंने कहा कि पुलिस उसे घर से सकुशल लेकर गई थी, ऐसे में अचानक मौत कैसे हो गई, यह समझ से परे है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा करने की मांग की है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे और उसी के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
