Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : एसआईआर प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी ने राजनैतिक दलों के साथ की बैठक

1 min read

नये बूथों के अनुसार बीएलए नियुक्ति व मतदाता सूची की जांच पर जोर

आजमगढ़। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर चल रही पुनरीक्षण प्रक्रिया की प्रगति, समय-सारिणी एवं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची का संशोधित प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को किया गया है। दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 06 जनवरी से 06 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई थी। इसके पश्चात 06 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक नोटिस जारी करने, सुनवाई एवं सत्यापन की प्रक्रिया चलेगी। आयोग से अनुमति प्राप्त कर 06 मार्च 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फार्म-6 में संशोधन कर दिया गया है, अतः इस पुनरीक्षण में केवल नए संशोधित फार्म का ही उपयोग किया जाएगा। नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 तथा नाम संशोधन, स्थान परिवर्तन, ईपिक सुधार अथवा डुप्लीकेट ईपिक के लिए फार्म-8 का प्रयोग होगा। जिलाधिकारी ने सभी राजनैतिक दलों से नये बूथों के अनुसार बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) शीघ्र नियुक्त करने और वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से अधिक से अधिक ऑनलाइन आवेदन कराने का आग्रह किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि 05 फरवरी 2026 तक जनपद में 1,05,493 फार्म-6, 2,195 फार्म-7 तथा 22,469 फार्म-8 प्राप्त हुए हैं, जिनका डिजिटाइजेशन एवं निस्तारण किया जा रहा है। दावे एवं आपत्तियों की सूची प्रारूप-9, 10, 11, 11क एवं 11ख प्रतिदिन जिला निर्वाचन अधिकारी के पोर्टल पर अपलोड की जा रही है।

उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि जनपद में 18–19 आयु वर्ग के केवल 13,431 मतदाता दर्ज हैं, जो अपेक्षाकृत बहुत कम है। साथ ही जनगणना के अनुसार जेंडर रेशियो 1017 है, जबकि मतदाता सूची में यह मात्र 831 है। ऐसे में महिलाओं एवं 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं को जागरूक कर फार्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने के निर्देश दिए गए।

बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के प्रमुख दिशा-निर्देश भी पढ़कर सुनाए गए, जिनमें कहा गया कि बीएलए जनता से सीधे दावे व आपत्तियां स्वीकार नहीं करेंगे, बल्कि सही आवेदन भरने में मार्गदर्शन करेंगे। एक बीएलए एक दिन में अधिकतम 10 आवेदन ही बीएलओ को जमा कर सकता है तथा संपूर्ण अवधि में 30 से अधिक आवेदन देने पर क्रॉस वेरिफिकेशन किया जाएगा।

बैठक में सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, मुबारकपुर विधायक अखिलेश यादव, जिलाध्यक्ष आजमगढ़ ध्रुव सिंह, जिलाध्यक्ष लालगंज विनोद राजभर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *