Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : नव जीवन हॉस्पिटल का ओटी सील, मानकों के अनुपालन को लेकर नोटिस जारी, पंजीकरण सीमा से बाहर इलाज न करने की चेतावनी

1 min read

आजमगढ़। जिलाधिकारी के आदेश एवं मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर जनपद में संचालित निजी अस्पतालों की व्यवस्थाओं और निर्धारित मानकों की जांच के लिए औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान अहिरौला-कप्तानगंज रोड स्थित नव जीवन हॉस्पिटल एवं जच्चा-बच्चा केन्द्र, रमसपुर (नहर) का निरीक्षण किया गया, जहां अस्पताल का संचालन निर्धारित मानकों और वैध पंजीकरण के अनुरूप नहीं पाया गया। प्राप्त शिकायतों के आधार पर अस्पताल के आॅपरेशन थिएटर की जांच की गई, जिसमें आवश्यक मानकों की गंभीर कमी सामने आई। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आॅपरेशन थिएटर को सील कर दिया गया। हालांकि, पूरे अस्पताल को बंद नहीं किया गया है। अस्पताल संचालक को नोटिस जारी कर निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के समय अस्पताल में कोई भी मरीज उपचाराधीन नहीं पाया गया। मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। इसी अभियान के तहत अहिरौला बाजार के पास नहर के निकट स्थित पंकज हॉस्पिटल का भी शिकायत के आधार पर औचक निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि अस्पताल का पंजीकरण यूनानी पद्धति के अंतर्गत है। मौके पर किसी प्रकार की एलोपैथिक दवाएं, उपकरण अथवा एलोपैथिक उपचार होता हुआ नहीं मिला। अस्पताल संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पंजीकरण की सीमा से बाहर किसी भी प्रकार का उपचार न किया जाए, अन्यथा वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह संपूर्ण निरीक्षण एवं कार्रवाई डॉ. आलेन्द कुमार, डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी (निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान) के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *