Latest News

The News Complete in Website

दादा-पोते की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या

1 min read

आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा है कि पवई थाना क्षेत्र के हेवती डीहवा गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बताते चलें कि शुक्रवार तड़के पवई थाना क्षेत्र के हेवती डीहवा गांव में अज्ञात हमलावरों ने घर और ट्यूबवेल पर सो रहे दादा-पोते की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लग गए। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 70 वर्षीय जगदंबा प्रसाद यादव रोज की तरह घर से करीब 300 मीटर दूर स्थित अपने ट्यूबवेल पर सो रहे थे। वहीं उनका 25 वर्षीय पोता अंकित घर में अपनी चचेरी दादी फूलमती और दो भाइयों के साथ सो रहा था। देर रात करीब दो बजे अज्ञात हमलावर घर में घुसा और सो रहे अंकित पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले की आहट से फूलमती की नींद खुल गई। उन्होंने अंकित के दोनों भाइयों को जगाया और सभी उसे उपचार के लिए अंबेडकरनगर जनपद के नगपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन जब जगदंबा प्रसाद यादव को सूचना देने ट्यूबवेल पहुंचे तो वहां उनका शव पड़ा मिला। उनके गले और शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान थे। दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में खून से सनी एक कुल्हाड़ी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *