Latest News

The News Complete in Website

दर्शन को जा रही महिला की डंपर से कुचलकर मौत

1 min read

आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र के पवनी कला गांव के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां पाल्हमेश्वरी के दर्शन के लिए जा रही एक महिला की डंपर से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महिला का भाई, भतीजी और एक वर्षीय बेटी को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने भाग रहे डंपर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहबरपुर थाना क्षेत्र के ददरा गांव निवासी निशा प्रजापति (28) पुत्री राजबली प्रजापति अपने भाई शकलदीप प्रजापति (30), 15 वर्षीय भतीजी प्रिया प्रजापति तथा एक वर्षीय पुत्री सान्वी के साथ मोटरसाइकिल से मां पाल्हमेश्वरी के दर्शन-पूजन के लिए जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक पवनी कला गांव के पास पहुंची, पल्हना बाजार की ओर से मेहनगर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही निशा सड़क पर गिर गईं और डंपर के नीचे आ गईं। हादसा इतना भयावह था कि उनका सिर धड़ से अलग हो गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे भाई शकलदीप, भतीजी प्रिया और मासूम सान्वी को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। भाई शकलदीप और भतीजी प्रिया शव से लिपटकर रोते-बिलखते रहे। परिजनों के अनुसार निशा तीन भाइयों और दो बहनों में थीं। उनकी शादी तीन वर्ष पहले मिर्जापुर निवासी सुनील प्रजापति से हुई थी और वह करीब 20 दिन पहले मायके आई थीं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *