जमीन दिलाने के नाम पर 16.50 लाख की ठगी
1 min readआजमगढ़। जमीन दिलाने के नाम पर 16.50 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने न्यायोचित जांच के बाद पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में एएसआई जीडी के पद पर छत्तीसगढ़ में तैनात हैं। पीड़ित मनोज कुमार सिंह निवासी गोसड़ी, थाना दीदारगंज ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पहचान वर्ष 1993 में पुलिस भर्ती के दौरान रामअरज यादव से हुई थी। वर्ष 2019 में मुलाकात के दौरान रामअरज यादव ने अपने पुत्र अभय यादव के जरिए आजमगढ़ में सस्ती जमीन दिलाने का भरोसा दिलाया। विश्वास में लेकर अभय यादव ने कई किश्तों में यूपीआई, चेक और आरटीजीएस के माध्यम से करीब 16.50 लाख रुपये अपने तथा एक परिचित महिला के खाते में जमा करा लिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो जमीन उपलब्ध कराई गई और न ही पैसा लौटाया गया। कई बार मांगने पर केवल आश्वासन मिलता रहा। सितंबर 2025 में व्हाट्सएप पर अप्रैल 2026 तक पूरी रकम लौटाने का वादा भी किया गया, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। पीड़ित का आरोप है कि अब आरोपी फोन भी नहीं उठा रहे हैं । पुलिस जांच में मामला प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर शहर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में पिता-पुत्र समेत नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
