पोखरे में मिला युवक का शव
1 min readआजमगढ़ जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मसीरपुर गांव स्थित खाकी बाबा मंदिर के पास शनिवार सुबह एक पोखरे में अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोखरे से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतक की शिनाख्त और मौत के कारणों की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10 बजे कुछ लोग पोखरे में मछलियों को चारा डालने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में युवक के सिर पर पड़ी। सूचना मिलते ही लालगंज चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसने काले रंग की जींस और लाल रंग की बनियान पहन रखी थी। दोनों कानों पर सफेद दाग होने की बात सामने आई है। मृतक की जेब से तंबाकू की एक पुड़िया भी बरामद हुई है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
