आजमगढ़ : साइबर फ्रॉड करने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार, 2.20 लाख रुपये सहित एटीएम कार्ड, मोबाइल व कूटरचित आधार कार्ड बरामद
1 min read

आजमगढ़। जनपद के थाना जीयनपुर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 01 एटीएम कार्ड, घटना में प्रयुक्त 01 मोबाइल फोन, 01 कूटरचित आधार कार्ड तथा साइबर फ्रॉड के 2 लाख 20 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर फ्रॉड पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह मय हमराह टीम ने सोमवार सुबह करीब 4:05 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय जीयनपुर के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 14 फरवरी को मोहम्मद मुनौवर निवासी बाजार खास, नगर पंचायत जीयनपुर ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 10 फरवरी को उनके इंडियन बैंक शाखा जीयनपुर स्थित खाते से 98,000 रुपये तथा 11 फरवरी को 99,999 रुपये अज्ञात व्यक्ति द्वारा निकाल लिए गए। मामले में थाना जीयनपुर पर मु0अ0सं0 76/2026 धारा 66डी आईटी एक्ट के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि पीड़ित के मोबाइल पर भेजे गए लिंक के माध्यम से ठगी की गई। संबंधित मोबाइल नंबर से विभिन्न स्थानों से धन निकासी की जानकारी मिली, जिसका अंतिम ट्रांजेक्शन एक पेट्रोल पंप से हुआ था। पूछताछ के आधार पर गोपाल गुप्ता पुत्र ब्रह्मशंकर गुप्ता निवासी पछौवा थाना अल्लागंज जनपद शाहजहांपुर (हाल पता दुमरी थाना जैत्रा जनपद एटा) का नाम प्रकाश में आया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह एक सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से बैंक खातों की जानकारी और पिन नंबर प्राप्त करता था। इसके बाद खाताधारकों के मोबाइल नंबर पर लिंक भेजकर साइबर फ्रॉड को अंजाम देता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66डी के साथ-साथ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, उपनिरीक्षक विश्वजीत पाण्डेय, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश जायसवाल (साइबर सेल), हेड कांस्टेबल संदीप यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
