जिंदा जला चालक: कोयला लदे ट्रेलर में लगी आग, दो घंटे बाद पाया गया काबू; दांत से हुई मृतक की पहचान
1 min read

मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट थाने के बसारधपुर स्थित फोरलेन पर बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे दो बालू लदे खड़े ट्रेलर में पीछे से कोयला लदे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इससे कोयला लदे ट्रेलर में आग लग गई और झारखंड के चोपारन निवासी चालक संदीप राना (26) की झुलसकर मौत हो गई। दोहरीघाट थाना प्रभारी संजय त्रिपाठी ने बताया कि घटना के बाद जल चुके ट्रेलर और चालक के शव की पहचान करना मुश्किल हो गया था। आग पर काबू पाने के बाद ट्रेलर के अगले हिस्से में चिपके चालक की पहचान दांत से की गई। वाहन की पहचान ट्रेलर में लगे जीपीएस के माध्यम से की गई।
आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड पहुंची। तब दो घंटे बाद आग बुझाई जा सकी। झुलस कर कई टुकड़ों में हो चुके चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोरखपुर की तरफ जा रहे बालू लदे दो ट्रेलर फोरलेन पर अगल-बगल खड़े थे। दोनों के चालक किसी बात पर कहासुनी कर रहे थे। उसी दौरान कोलकाता से कोयला लादकर वाराणसी की तरफ से गोरखपुर जा रहा ट्रेलर, बालू लदे ट्रेलर में पीछे से टकरा गया। इससे कोयला लदे ट्रेलर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग की लपटें देख भागे लोग
आग की लपटें देख लोग भागने लगे। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस भी असहाय हो गई। किसी ने फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। करीब आधे घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने दो घंटे के बाद आग कोयला लदा पूरा ट्रेलर जल गया था। पर काबू पाया। हालांकि तब तक जानकारी मिलने पर सीओ घोसी जितेंद्र सिंह, कोतवाल प्रमेंद्र सिंह और दोहरीघाट थानाध्यक्ष संजय कुमार त्रिपाठी भी पहुंचे।
आग बुझाने में लगा सात हजार लीटर पानी
सीएफओ के वर्मा ने बताया कि ट्रेलर में आग लगने के बाद दो बड़ी फायर टेंडर की मदद से करीब सात हजार लीटर पानी से आग पर काबू पाया गया। ट्रेलर पर फायर ब्रिगेड की टीम करीब दो घंटे तक लगातार पानी डालती रही। ट्रेलर को बुझाने के दौरान एक लेन पर आवागमन बंद कर दिया गया था। पुलिसकर्मी कुसुम्हा और अहिरानी के पास रूट डायवर्जन कर वाहनों की आवाजाही कराते रहे।
फोरलेन किनारे खड़े बालू लदे दोनों चालकों से पूछताछ की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच हो रही है। ट्रक को रास्ते से हटाकर आवागमन बहाल कर दिया गया है। नंबर के आधार पर ट्रेलर की पहचान कर मालिक और मृत चालक के परिजन की जानकारी दी गई है।
जितेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी घोसी
