ससुराल में युवक की संदिग्ध मौत
1 min readआजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के सहनूडीह गांव में गुरुवार रात एक युवक की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव बंद कमरे में चादर के सहारे फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मृतक के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण ससुराल पहुंच गए तथा हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के आरा गांव निवासी उपेंद्र पाठक उर्फ बॉबी, स्वर्गीय सूर्यनाथ पाठक के पुत्र थे। उनकी दूसरी पत्नी सुप्रिया की ससुराल बरदह थाना क्षेत्र के सहनूडीह गांव में है, जो उनके गांव से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित है। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम उपेंद्र अपनी पत्नी और एक बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से ससुराल पहुंचे थे। परिवार के लोगों के अनुसार वह अपनी बीमार सास का हालचाल लेने आए थे। रात में किसी बात को लेकर परिवार के लोगों के बीच विवाद होने की चर्चा है। इसके बाद देर रात उपेंद्र एक कमरे में चले गए। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने देखा कि कमरा अंदर से बंद है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां उपेंद्र का शव चादर के सहारे फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
शुक्रवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही मृतक के गांव से दर्जनों की संख्या में महिलाएं और ग्रामीण सहनूडीह गांव पहुंच गए। परिजनों ने युवक की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। इस दौरान लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कुछ समय तक गांव में तनावपूर्ण माहौल बना रहा, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
परिजनों का आरोप है कि उपेंद्र ने कुछ दिन पहले करीब 35 लाख रुपये मूल्य की जमीन बेची थी। उनका कहना है कि इस धनराशि को लेकर साले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि गुरुवार शाम इसी लेन-देन को लेकर कहासुनी हुई और बाद में उपेंद्र की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
