गला दबाकर किसान की हत्या, घर से एक किमी दूर सरसों के खेत में मिली लाश; एक दिन पहले से खोज रहा था परिवार
1 min read
सोनभद्र। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के बैजनाथ ग्राम पंचायत के गांवकुंडा में रामनरेश बैसवार (43) की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मंगलवार की दोपहर बाद में घर से निकला था। बुधवार को बगल के गांव में उसका शव सरसों के खेत में पड़ा मिला। सिर में चोट और गले पर कसाव के निशान थे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बर कन्हरा गांव निवासी रामनरेश बैसवार (43) मंगलवार को दोपहर में घर से किसी काम से निकला था। तब उसकी पत्नी और बेटी घर में थीं। बेटा गेहूं की थ्रेसरिंग करने के लिए दूसरे गांव में गया था। रात में जब बेटा घर आया तो पिता के न लौटने की सूचना पर उसने आसपास तलाश की, मगर कहीं पता नहीं चला। बाद में यह समझकर सो गए कि सुबह तक लौट आएंगे।
बुधवार की सुबह घर से करीब एक किमी दूर गांवकुंडा में बाउली के पास सरसों के खेत में रामनरेश का शव मिलने की सूचना पर ग्रामीण पहुंचे। रामनरेश के सिर और पैर में चोट थे, जबकि गले में कसाव का निशान था। बर कन्हरा के ग्राम प्रधान कुंजबिहारी बैसवार ने मामले से पुलिस को अवगत कराया।
ग्रामीणों के मुताबिक रामनरेश को रात आठ बजे तक हिरनखुड़ी पानी टंकी के पास देखा गया था। उसके बाद से कहीं पता नहीं था। सीओ राहुल पांडेय, प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह, शिवद्वार चौकी प्रभारी कविंद्र यादव और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। घटना के पीछे पुरानी रंजिश और जमीन विवाद की चर्चा है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने पर यह स्पष्ट होगा कि मौत कैसे और कब हुई। परिवार की ओर से मिली तहरीर पर छानबीन शुरू की गई है। संदेह के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। -राहुल पांडेय, सीओ घोरावल।
