‘शादी नहीं होने दूंगा…’ मनबढ़ों ने की बारात में मारपीट, तोड़ी गाड़ियां- वापस लौटी बारात
1 min read
संतकबीर नगर। दुधारा थानाक्षेत्र के बढ़या बाबा गांव में बारात उठने के दौरान मनबढ़ों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उन्होंने शादी में आए बारातियों के साथ मारपीट की तथा बारात में आई आधा दर्जन चार पहिया वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद बाराती मौके से भाग खड़े हुए और शादी नहीं हो पाई। बारात सिद्धार्थनगर जनपद के खेसरहा थानाक्षेत्र से आई थी। दुधारा थानाक्षेत्र के बढ़या बाबा गांव के निवासी मोलहू की पुत्री उर्मिला की शादी शुक्रवार की रात में थी। रात 9.30 बजे के करीब जब बारात उठने लगी, इसी दौरान घराती पक्ष के कुछ लोगों ने शराब के नशे में धुत होकर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने बारातियों के साथ मारपीट की तथा उनकी गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान लोगों ने डायल 112 को फोन किया। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची तथा सभी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानें। यह हंगामा तकरीबन एक घंटे तक चलता रहा। रात 11 बजे तक सारे बाराती मौके से वापस चले गए। बारात सिद्धार्थनगर के खेसरहा थानान्तर्गत बौड़िहारे गांव से आई थी। स्व. ब्रह्मदेव के पुत्र दिनेश की शादी उर्मिला से होने वाली थी। वहीं बाराती पक्ष के कुछ लोग टूटे फूटे वाहनों के साथ दुधारा थाने पर पहुंच गए। वहां पर लड़के के भाई पहुंचे हुए थे। उन्होंने कहा कि वह लड़की की शादी वहीं आसपास किसी मंदिर में कर लेंगे, लेकिन गांव में नहीं जाएंगे। समाचार लिखे जाने तक मान मनौवल की बात चल रही थी। वहीं, हंगामा करने वाले मौके से फरार हो गए थे।
बताया जाता है कि मोलहू की तीन पुत्रिया हैं। सबसे बड़ी पुत्री उर्मिला की ही शादी तय थी। इसी शादी के लिए मोलहू ने अपनी जमीन बेची थी। अभी दो लड़कियां छोटी हैं, जिनकी शादी नहीं हुई है। इस घटना से पूरे परिवार के लोग काफी आहत दिख रहे हैं। गांव के लोग बताते हैं कि लड़की पक्ष के लोगों का एक रिश्तेदार जो बेलहरकला थानाक्षेत्र के घुसुकपुरवा गांव के निवासी हैं, उन्हीं के द्वारा यह कार्य किया गया। वह लोग शादी में शाम चार बजे ही पहुंच गए थे। उनके साथ उनका पुत्र, भाई और चाचा के लड़के समेत 10 की संख्या में लोग थे। बताया जाता है कि लड़की के पिता ने शादी के लिए एक बीघा खेत साढ़ू को बैनामा कर दिया था। इसी बात को लेकर वह काफी नाराज था। वह गांव में आने के बाद से ही गांव के लोगों से यह कह रहा था कि यह शादी होने नहीं दूंगा।
