आजमगढ़ में सपा की मासिक बैठक, 2027 के लिए एकजुटता का आह्वान
1 min read
सावित्रीबाई फुले की 195वीं जयंती पर पुष्पांजलि, सामाजिक चेतना पर जोर
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष हवलदार यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में नव वर्ष के अवसर पर सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी गईं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह वर्ष राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी को पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एकजुट होकर 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए मेहनत और संघर्ष करना होगा।
बैठक के दौरान देश की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की 195वीं जयंती उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर मनाई गई। जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने छुआ-छूत, भेदभाव और गैर-बराबरी के खिलाफ समाज में चेतना जगाने का कार्य किया। उन्होंने शिक्षा के माध्यम से समाज सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया और सती प्रथा व बाल विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई।
जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग के माध्यम से SIR प्रक्रिया लागू कर पिछड़े वर्ग, अल्पसंख्यकों और दलितों के वोट काटने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस प्रक्रिया में सक्रिय रहकर वोट बढ़ाने और बचाने का कार्य करें तथा अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता के साथ अभियान को सफल बनाएं।
विधायक एवं पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों पर दमन और अत्याचार बढ़ा है तथा प्रशासन भाजपा नेताओं के इशारे पर काम कर रहा है। विधायक आलम बदी आजमी ने आरोप लगाया कि मोदी-योगी सरकार धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटकर सत्ता की राजनीति कर रही है, जो देशहित में नहीं है। विधायक डॉ. संग्राम यादव ने आरक्षण की कथित लूट के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर विधायक नफीस अहमद, अखिलेश यादव, पूजा सरोज, कमलाकांत राजभर, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव और जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव सहित अन्य नेताओं ने संगठन को मजबूत करने पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव हरी प्रसाद दुबे ने किया।
बैठक में रामप्यारे यादव, जयराम पटेल, अजीत कुमार राव, वसीम अहमद, इसरार अहमद, डॉ. हरिराम सिंह यादव, राज नारायण यादव, जगदीश यादव, अशोक यादव, राम अचल यादव, वसीमुद्दीन शेख, सोमनाथ यादव, डॉ. धनराज यादव, शिव सागर यादव, बबीता चौहान, सुनीता सिंह, सिंगारी गौतम सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
