आजमगढ़ में गैंगस्टर एक्ट के वांछित आरोपी गिरफ्तार, संगठित गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
1 min read

जानलेवा हमला, अवैध शस्त्र प्रयोग और चोरी की घटनाओं में था शामिल
आजमगढ़। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तरवां पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर पुलिस ने संगठित अपराध पर प्रभावी प्रहार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त दीपक यादव (23 वर्ष) निवासी ग्राम शेखुपुर, थाना मेहनगर है, जो गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहा था। मंगलवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर उसे उसके घर से गिरफ्तार किया। बताया गया कि आरोपी और उसके गिरोह के सदस्य पूर्व में उचहुवा बाजार क्षेत्र में जानलेवा हमला, लाठी-डंडों से मारपीट तथा अवैध शस्त्रों का प्रयोग कर चुके हैं। इसके अलावा गिरोह पर चोरी की मोटरसाइकिलों की बिक्री और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर आरोप भी हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था। गिरोह की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए प्रशासन द्वारा गैंग चार्ट तैयार कर अनुमोदन के बाद थाना तरवां में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल गिरफ्तारी के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
