Latest News

The News Complete in Website

जिम के जरिए धर्मांतरण कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, मौलवी खलीलुर्रहमान गिरफ्तार

1 min read

ब्रेनवॉश, जादू-टोना और ब्लैकमेल से हिंदू युवतियों का कराया जा रहा था धर्म परिवर्तन

गिरोह के सरगना समेत अब तक सात आरोपी गिरफ्तार, 50 से अधिक अश्लील वीडियो बनाने का आरोप

मिर्जापुर। जिम में आने वाली हिंदू लड़कियों और युवतियों का ब्रेनवॉश कर धर्मांतरण कराने वाले संगठित गिरोह के एक अहम सदस्य मौलवी खलीलुर्रहमान को देहात कोतवाली पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। मौलवी को कटरा कोतवाली क्षेत्र के भटवा की पोखरी, भुदेव की गली से दबोचा गया। इससे पहले गिरोह के सरगना इमरान खान की गिरफ्तारी और पूछताछ में मौलवी की संलिप्तता सामने आई थी। एएसपी ऑपरेशन मनीष कुमार मिश्रा के अनुसार, मौलवी खलीलुर्रहमान जिम में धर्मांतरण मामले में पहले से गिरफ्तार आरोपियों के लगातार संपर्क में था। वह जिम ट्रेनरों द्वारा लाई गई हिंदू लड़कियों और युवतियों को बहकाकर कलमा पढ़वाता था और उनका धर्म परिवर्तन कराता था। वर्ष 2023 में वाराणसी के लोहता थाने में एक हिंदू लड़की का धर्म परिवर्तन कराकर मुस्लिम युवक से निकाह कराने के मामले में उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज है। पुलिस जांच में सामने आया है कि जिम ट्रेनर युवतियों को प्रेम जाल में फंसाकर मौलवी तक पहुंचाते थे। जो लड़कियां बहकावे में नहीं आती थीं, उनके एआई तकनीक से अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया जाता था। गिरोह द्वारा 50 से अधिक युवतियों के अश्लील वीडियो बनाए जाने और 30 से अधिक का धर्म परिवर्तन कराए जाने का आरोप है। इन सभी मामलों में मौलवी की भूमिका अहम बताई जा रही है। एएसपी ऑपरेशन ने बताया कि मौलवी जादू-टोना, भूत-प्रेत दूर करने और ताबीज देने के नाम पर खासकर महिलाओं और बच्चों को प्रभावित करता था। वह बड़े घरों में आना-जाना रखता था और धार्मिक भ्रम फैलाकर गलत गतिविधियों को अंजाम देता था। मौलवी पहले कटरा क्षेत्र की एक मस्जिद में नमाज पढ़ाता था, जबकि पिछले छह वर्षों से चील्ह थाना क्षेत्र की हुसैनी मस्जिद में सक्रिय था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि जिम धर्मांतरण गिरोह के जरिए कितने लोगों का धर्म परिवर्तन और निकाह कराया गया। आरोपी को चालान कर न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *