आजमगढ़ : फांसी पर लटका मिला महिला शिक्षिका का शव
1 min read

आजमगढ़। जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में एक महिला शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार थाना बिलरियागंज के राहुल नगर वार्ड में किराए के मकान में रह रही 32 वर्षीय महिला ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि नीतू यादव (32) पुत्री वीरेंद्र यादव, मूल रूप से ग्राम युसुफपुर थाना महराजगंज की निवासी थी। वह अपने पति रामकृष्ण यादव और एक छोटी पुत्री के साथ बिलरियागंज के राहुल नगर में किराए के मकान में रहती थी। नीतू यादव जनपद अम्बेडकर नगर में अध्यापक के पद पर कार्यरत बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह नीतू यादव ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद पति रामकृष्ण यादव शव को अपने पैतृक गांव रौनापार थाना क्षेत्र के छोटी हरैया ले जाकर अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था। इसी बीच नीतू यादव के चाचा को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बिलरियागंज थाने लाई। बाद में आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार नीतू के पति रामकृष्ण यादव ने ही उसकी पढ़ाई-लिखाई में सहयोग किया था और दोनों बिलरियागंज में रहकर जीवन यापन कर रहे थे। दंपति की एक छोटी बेटी भी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
