आजमगढ़ : अनियंत्रित ट्रक पुलिस चौकी में घुसा, दो घायल, पिकअप और ट्रक की आमने-सामने टक्कर के बाद मचा हड़कंप
1 min read

आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र स्थित फरिहा चौक पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार सरायमीर की ओर से आ रही एक पिकअप और रानी की सराय की तरफ से आ रहे ट्रक के बीच फरिहा चौक पर जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पुलिस बूथ में जा घुसा।
इस हादसे में पिकअप चालक राहुल (25 वर्ष) और खलासी विशाल (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल रेणुकूट के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस पुलिस बूथ में ट्रक घुसा, वहां सामान्यतः दो से तीन पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, लेकिन घटना के समय बूथ खाली था। ऐसे में एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों और बाजार के व्यापारियों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष निजामाबाद हीरेंद्र प्रताप सिंह और फरिहा पुलिस चौकी इंचार्ज चित्रांशु मिश्रा ने बताया कि ट्रक और पिकअप की टक्कर में यह हादसा हुआ है। घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
