आजमगढ़ : नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
1 min read

आजमगढ़ (फूलपुर)। थाना फूलपुर क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपी नाबालिग को सामान लाने के बहाने अपने साथ ले गए थे और सुनसान स्थान पर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2026 को वादी ने थाना फूलपुर में तहरीर देकर बताया कि 24 मार्च को दोपहर करीब 1:30 बजे उसके 14 वर्षीय पुत्र को गांव के उमर पुत्र अयाज अहमद और फैसल पुत्र अब्दुर्रहमान मोटरसाइकिल से दुकान का सामान लाने के बहाने अपने साथ ले गए। इसके बाद वे उसे गांव के बाहर रसूलपुर के पास स्थित एक सुनसान ट्यूबवेल पर ले गए, जहां उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म (अप्राकृतिक संबंध) किया गया। घटना के बाद आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वह भयभीत होकर चुप रहा।
बाद में दोबारा धमकी मिलने पर पीड़ित ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इस पर थाना फूलपुर में मुकदमा संख्या 111/2026 धारा 140(4)/351(3) बीएनएस व 5G/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अजीज खान द्वारा की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 28 मार्च को उपनिरीक्षक अजीज खान व पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों—उमर (21) और फैसल (20), निवासी ग्राम लोनियाडीह—को सहजेरपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
