बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हमला, जेई को बेलचे से पीटा
1 min readलखनऊ। यूपी में बिजली चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे घर-घर अभियान के दौरान राजधानी लखनऊ में बिजली विभाग की टीम पर हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकीपुरम क्षेत्र में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। जूनियर इंजीनियर (जेई) को बेलचे से पीटा गया और उन पर पालतू कुत्ते छोड़ दिए गए। घटना में जेई गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं चौपटिया इलाके में भी बिजली चोरी पकड़ने गई टीम के साथ मारपीट की गई। दोनों घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, जानकीपुरम जोन के अंतर्गत नहर रोड इलाके में बिजली चोरी की पुख्ता सूचना मिलने पर जूनियर इंजीनियर (रेड) अशोक कुमार, जेई राधेश्याम यादव तथा संविदाकर्मी आयुष गौर, शिवम यादव और मनीष कुमार शर्मा जांच के लिए पहुंचे थे। टीम ने जैसे ही परिसर में लगे मीटर की जांच शुरू की, वहां मौजूद लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। आरोप है कि अजय दीक्षित और उसके साथियों ने पहले टीम के साथ गाली-गलौज की और फिर अचानक हमला बोल दिया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोपियों ने बिजली कर्मचारियों को घेरकर लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक आरोपी ने जेई अशोक कुमार के सिर पर बेलचे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमला यहीं नहीं रुका। आरोपियों ने अपने पालतू कुत्तों को भी टीम पर छोड़ दिया, जिससे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कुत्तों के काटने और मारपीट में जेई अशोक कुमार लहूलुहान हो गए। आरोपियों पर जेई का मोबाइल छीनने का भी आरोप है। किसी तरह जान बचाकर निकले कर्मचारियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद जानकीपुरम थाने में अजय दीक्षित समेत कई लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है। उधर, चौपटिया के तंबाकू मंडी इलाके में भी बिजली चोरी की जांच करने पहुंची चेकिंग टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि उग्र भीड़ ने संविदाकर्मियों को घेरकर उनके साथ मारपीट की। स्थिति बिगड़ने पर कई कर्मचारी मौके से भाग निकले।लगातार हो रहे हमलों से बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।
