आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा गांव के पास शाहगंज-आजमगढ़ मार्ग पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर 11 हजार वोल्ट के विद्युत खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का खंभा तीन टुकड़ों में टूट गया। हादसे में बाइक सवार राहुल कुमार पुत्र राजकुमार तथा अजय कुमार पुत्र महेंद्र कुमार निवासी मक्खापुर थाना अहिरौला गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्र अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे चौकी प्रभारी ने बताया कि उपचार के दौरान राहुल कुमार की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल अजय कुमार का इलाज जारी है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।