जिन स्कूलों में लगेगा ताला वहां 15 अगस्त को सपा तिरंगा फहराएगी, यह आरक्षण खत्म करने की कोशिश : अखिलेश
1 min read
लखनऊ। सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार आने वाली पीढ़ी से शिक्षा का अधिकार छीनना चाहती है। पढ़ाई से वंचित बच्चों की संख्या लाखों में है। अखिलेश यादव प्रदेश सपा मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की शिक्षा विरोधी नीति के खिलाफ 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर समाजवादी पार्टी के विधायक, नेता और पदाधिकारी ऐसे गांवों में जाकर स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे, जहां स्कूलों को बंद किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में लगभग पांच हजार प्राइमरी स्कूलों को बंद करने का निर्णय है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का एजेंडा सामाजिक न्याय के विरुद्ध है। भाजपा गरीब, पिछड़ों, दलितों व अल्पसंख्यकों का उनके हक नहीं देना चाहती है। वह आरक्षण खत्म करने का षडयंत्र कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में चुनाव आयोग मतदाताओं की मनमानी छंटनी की तैयारी में है। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, सांसद सनातन पांडेय आदि उपस्थित रहे।
आम आदमी पार्टी (आप) पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक रविवार को लखनऊ में हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. छवि यादव ने संगठन विस्तार, सामाजिक न्याय के मुद्दों और जनसंपर्क अभियानों पर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. छवि यादव ने कहा कि हमें संगठन को गाँव-गाँव, शहर-शहर तक मज़बूत करना है। इसके लिए हर जिले में जनसभा और बैठकों के माध्यम से पार्टी के विचारों को जन-जन तक पहुचाया जाएगा। हमारा लक्ष्य केवल संगठन का विस्तार नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की आवाज़ को ताकत देना है।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करने, युवाओं को जोड़ने, जातिगत जनगणना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर जनचेतना अभियान चलाने का संकल्प लिया गया। बैठक में महासचिव विनय कुमार यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप यादव, गुड्डू यादव, जतन भाटी, प्रदेश सचिव राजकुमार वर्मा, परशुराम, श्याम सिंह पाल, आरिफ खान, पंकज यादव, सुशील यादव आदि उपस्थित थे।
