चार पार्षद समेत 76 लोग पुलिस के रडार पर, भीड़ जुटाने का आरोप; शहर के इन मोहल्लों में कड़ी निगरानी
1 min read
बरेली। बरेली में बवाल के मामले में प्रशासन की मनाही के बावजूद भीड़ को खलील स्कूल तिराहे की ओर भेजने में सात थाना क्षेत्र के 77 लोगों की भूमिका सामने आई है। इनमें पांच पार्षद भी शामिल हैं। एक पार्षद को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब चार पार्षदों सहित 76 लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साक्ष्य के आधार पर पुलिस संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
शहर में शुक्रवार को हुए बवाल को लेकर पांच थानों में 10 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, एलआईयू के इनपुट और सर्विलांस की मदद से पता चला है कि कोतवाली, किला, प्रेमनगर, सीबीगंज, बारादरी, इज्जतनगर और कैंट थाना क्षेत्र के 77 लोगों की मदद से बवाल के लिए भीड़ जुटाई गई थी। इनमें से 55 को आईएमसी के पूर्व जिलाध्यक्ष नदीम खां ने व्हाट्सएप कॉल की थी। इनमें से पार्षद अनीस सकलैनी को पुलिस शनिवार को गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य लोगों की गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। सभी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि साजिश रच कर शहर का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया था। साजिश रचने वालों में से कुछ भीड़ के बीच थे और कई पर्दे के पीछे थे। ऐसे 77 लोगों को चिह्नित किया गया है। उनके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य के साथ कार्रवाई की जाएगी।
