त्योहार पर दर्दनाक हादसा, गंगा में नहाने गई तीन लड़कियां डूबी, तलाश जारी; मची चीख-पुकार
1 min read
गाजीपुर। गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह 6.15 बजे लीलापुर अमवाघाट पर गंगा नदी में नहाते समय तीन लड़कियां डूब गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा डूबी हुई लड़कियों की तलाश के प्रयास जारी रहीं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी का पता नहीं चल पाया था।
करंडा थाना क्षेत्र के प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि डूबी हुई लड़कियों की पहचान रामजनपुर निवासी पूनम यादव (18) पुत्री रामबचन, रोली यादव (16) पुत्री राजदेव और खुशी यादव (14) पुत्री बबलू के रूप में हुई है। तीनों गांव की अन्य महिलाओं और लड़कियों के साथ गंगा नदी में स्नान करने आई थीं। नहाते समय वे गहरे पानी में चली गईं, जिससे यह हादसा हुआ।
बताया जा रहा था कि तीनों के घर में दीवाली की तैयारी चल रही थी। गंगा स्नान के बाद छोटी दीवाली का पूजन होना था। इससे पहले इस दर्दनाक हादसे से तीनों लड़कियाें के परिवार में कोहराम मच गया।
