शिवपाल यादव बोले- सपा में गुटबाजी करने वालों की कोई जगह नहीं; स्वामी प्रसाद मौर्य को बताया दोस्त
1 min read
बदायूं। बदायूं जिले में समाजवादी पार्टी में संगठनात्मक अनुशासन और एकजुटता को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने साफ कहा है कि गुटबाजी अब सपा में किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी क्रम में बदायूं जिले की सभी फ्रंटल इकाइयों को भंग कर दिया गया है, जबकि जिला कार्यकारिणी को भी भंग करते हुए केवल जिलाध्यक्ष को पद पर बनाए रखा गया है।
शिवपाल यादव का दो दिवसीय बदायूं दौरा पहले से निर्धारित था। उनके आगमन से दो दिन पहले ही सपा के प्रदेश कार्यालय से आदेश जारी कर सभी फ्रंटल संगठनों युवा सभा, छात्रसभा, महिला सभा, लोहिया वाहिनी और प्रकोष्ठों को तत्काल प्रभाव से भंग करने के निर्देश दिए गए थे। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को सहसवान पहुंचकर दहगवां चौराहे पर एक होटल व हाल का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर सपा सांसद आदित्य यादव और सहसवान विधायक बृजेश यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व क्षेत्रीय नेता मौजूद रहे।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने प्रदेश में विकास कार्यों को ठेकेदारी के हवाले कर दिया है। अधिकतर काम गुजरात की कंपनियों को दिए जा रहे हैं। जनता के मुद्दे महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार आज भी जस के तस हैं। समाजवादी पार्टी ही जनता को राहत देने में सक्षम है।
सभा को संबोधित करते हुए सपा सांसद आदित्य यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब हवा में चुनाव लड़ने का समय नहीं है। गुटबाजी छोड़कर सबको एकजुट होना पड़ेगा। अगर हम एक रहेंगे तो प्रदेश की हर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का परचम लहराएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने सपा को भरपूर समर्थन दिया, अब विधानसभा चुनाव में उसी एकता और जनसमर्थन को बनाए रखना है। एक दूसरे की टांग खींचने से संगठन कमजोर होता है, जबकि हमारी ताकत हमारी एकजुटता है।
इस मौके पर पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव, पूर्व सांसद सलीम इकबाल शेरवानी, विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव, पूर्व विधायक आर.के. शर्मा, वरिष्ठ नेता नरोत्तम सिंह, नवाब सिंह, पूरन सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। इससे पहले सहसवान पहुंचने पर शिवपाल सिंह यादव और आदित्य यादव का मेरठ हाईवे पर सपा कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर और नारों के बीच भव्य स्वागत किया।
सहसवान में पत्रकारों से वार्ता करते हुए सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मायावती पूरी तरह से भाजपा से मिली हैं। जो भाजपा कहती है वह वही करती हैं। पीड़ितों के साथ सपा है, हम सभी को एकत्र कर रहे हैं। इसी से भाजपा बौखलाई हुई है। बीते 2024 के चुनाव में इसका उदाहरण सामने आ चुका है। बोले, बिहार चुनाव में राजद की जीत होगी और तेजस्वी की सरकार बनेगी। कहा कि भाजपा के लोग वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने का काम करते हैं।
शिवपाल यादव ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य बड़े नेता हैं और वह मेरे मित्र हैं। हालांकि वह कब क्या बोल दें, इसलिए उनकी बात को हम लोग गंभीरता से नहीं लेते हैं। शिवपाल ने कहा कि चुनाव आयोग केंद्र सरकार के दबाव में आए बिना निष्पक्ष चुनाव कराए।
