Latest News

The News Complete in Website

नर्सिंग कर्मियों को डिप्टी सीएम का तोहफा, अब गृह जिले मे होगी तैनाती; प्रमोशन के बाद भी बदलाव नहीं

1 min read

लखनऊ। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को नर्सिंग कर्मियों को कई सौगातें दीं। नर्सिंग कर्मियों की प्रोन्नति और उन्हें गृह जिले में तैनाती का भी ऐलान किया। स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डा. रतनपाल सिंह सुमन को तत्काल इस संबंध में प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। कहा कि खाली पदों को जल्द से जल्द भरने से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी और काम का बोझ कम होगा।
लखनऊ के गांधी सभागार में आयोजित राजकीय नर्सेज संघ के राज्य स्तरीय अधिवेशन का उद्घाटन करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा विभाग की तरह ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की नर्सों को भी उनके गृह जिले में तैनाती दी जाएगी। इससे नर्सिंग स्टाफ को काम करने में आसानी होगी। काम की गुणवत्ता में और भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 में स्वीकृत किए गए महानिदेशालय और अस्पतालों के उच्च पदों को प्रोन्नति से भरा जाएगा। अन्य खाली पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है, जो जल्द ही पूरी हो जाएगी। इसके अलावा एसपी व अन्य भत्तों का लाभ दिलाने का प्रयास सरकार करेगी।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि नर्स कड़ी मेहनत करती हैं। ताकि दूसरों के घरों को रोशन किया जा सके। उन्होंने कहाकि मरीजों की जिंदगी बचाने में डॉक्टरों की तरह नर्स अहम भूमिका अदा कर रही हैं। नर्स डॉक्टर से ज्यादा मरीज के पास रहकर सेवा करती हैं। डॉक्टरों के निर्देशों को पालन कर मरीजों की सेवा करती हैं। उन्हें दवा देने से लेकर ड्रेसिंग तक करती हैं। आईसीयू-वेंटिलेटर के मरीजों की सेवा में नर्सें 24 घंटे जुटी रहती हैं। आपकी मेहनत से ही विभाग आगे बढ़ रहा है।
इस दौरान संघ के महासचिव अशोक कुमार ने कहा कि नर्सें पूरी मेहनत से काम कर रही हैं। मरीजों की सेवा कर रही हैं। लेकिन उन्हें काम के मुकाबले वेतन व भत्ते काफी कम हैं। सरकार पुरानी पेंशन बहाल करें। खाली पदों को भरे। नए अस्पतालों में बेड के हिसाब से पदों का सृजन करें। ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने में मदद मिले। बेरोजगार नर्सों को रोजगार मिल सकेगा। इस दौरान नर्सिंग सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। मौके पर एमएलसी अवनीश कुमार सिंह, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. रतनपाल सिंह, लखनऊ मंडल के अपर निदेशक डॉ. जीपी गुप्ता, बलरामपुर चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवाशीष शुक्ला, राजकीय नर्सेज संघ की अध्यक्ष शर्ली भंडारी, स्वास्थ्य महासंघ के प्रवक्ता सुनील कुमार, कमल श्रीवास्तव, कपिल वर्मा, शंभु, सर्वेश पाटिल, प्रदीप गंगवार उपस्थित रहे।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि नर्सिंग सेवा का पेशा है। लिहाजा मरीजों की सेवा करें। उनकी पीड़ा को दूर करें। मरीजों के प्रति अपना व्यवहार अच्छा रखें। मरीज आपकी सेवा से ही ठीक होते हैं। मरीजों को भगवान मानकर उनकी सेवा करें। अपने दायित्वों को ईमानदारी से निभाएं। उन्होंने कहाकि तनख्वाह भरण पोषण के लिए है। इसे और बेहतर करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। यदि आपको अपने संस्थान या उच्च अधिकारियों से कोई समस्या है तो हमारे पास आ सकते हैं। समस्याओं का समाधान होगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *