नशे की तस्करी करने वाले के घर मिले इतने रुपये, गिनते-गिनते थक गए पुलिसवाले
1 min read
नोटों को गिनने के लिए पुलिस को मंगानी पड़ी 4 मशीनें
प्रतापगढ़। कुंडा सीओ अमरनाथ गुप्ता व मानिकपुर पुलिस ने गैंगस्टर व मादक पदार्थ तस्कर राजेश मिश्रा के घर छापा मारकर नशे की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। राजेश का पूरा परिवार तस्करी के धंधे में शामिल मिला। जेल में बंद गाजा तस्कर राजेश मिश्रा के घर से पुलिस को 2 करोड़ रुपए से अधिक कैश मिला है। नोटों को गिनने के लिए पुलिस को 4 मशीनें मंगानी पड़ीं। इसका वीडियो भी सामने आया है।
कार्रवाई के दौरान मादक पदार्थ तस्कर के घर पुलिस टीम पूरी टीम नोट गिनने में लग गई। इस दौरान अफसर मॉनिटरिंग करते रहे। चार वाहनों से शनिवार सुबह पहुंचे 22 पुलिसकर्मी छानबीन करने लगे। पुलिस अधीक्षक बार-बार जानकारी लेते रहे। 24 घंटे तक चली छापेमारी में पुलिस को घर के भीतर तीन कमरों की आलमारी, बक्से, डिब्बे, तहखाने के अलावा बेड के अंदर से रुपये मिला।
कालाकांकर बैंक से आई मशीनों के सहयोग से 22 पुलिसकर्मियों ने 4 मशीनों से नोटों की काउंटिंग रविवार सुबह तक पूरी की। कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मी पलक भी नहीं झपा सके। उन्हें बाहर जाने की अनुमति भी नहीं मिली। दोपहर व रात में खाना वहीं मंगाया गया। आधी रात को पुलिस अपनी कार्रवाई पूरी कर निकलने की तैयारी में थी। तभी खोजबीन के दौरान पुलिसकर्मियों को राजेश मिश्रा का कुर्क मकान पुराने घर से जुड़ा मिला। छानबीन के दौरान दो कमरों से रुपये के नोट बोरियों में भरे मिले। जिसके चलते कार्रवाई सुबह तक जारी रही।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान गिरफ्तारी की आशंका पर रीना मिश्रा भड़क उठीं। वह मौका देख कमरे में परिवार समेत बंद होने की कोशिश की , लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी को दबोच लिया। वहीं गिरफ्तार अजीत मिश्रा का कहना था कि रात दो बजे हल्का दरोगा संतोष यादव उसे घर से पकड़कर थाने ले आए। उसका व उसके बेटे से राजेश मिश्रा का कोई लेना देना नहीं है। फिर भी पुलिस उसे फंसा रही है।
