कैदी वाहन में नहीं बैठे आजम खां, जेल गेट पर अफरा-तफरी, कहा- बोलेरो उपलब्ध कराओ…कोर्ट में होना है पेश
1 min read
रामपुर। पूर्व सांसद अमर सिंह के परिवार पर विवादित टिप्पणी मामले में शुक्रवार को सपा नेता आजम खां की कोर्ट में पेशी थी। इससे पहले ही जेल गेट पर अचानक अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। जेल प्रशासन ने दोपहर बाद आजम को कोर्ट पहुंचाने के लिए बड़ा कैदी वाहन लगाया था।
बाहर आते ही इसे देख आजम खां ने उसमें बैठने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह राजनीतिक कैदी हैं और इस वाहन में नहीं जाएंगे। उन्होंने अपने लिए बोलेरो जैसे छोटे वाहन की मांग की। वैन में बैठने से मना करते ही वह वापस जेल के अंदर लौट गए।
उनकी जिद के बाद पुलिस और जेल अधिकारी उन्हें मनाने में जुटे रहे। जेल प्रशासन ने अब उनके लिए छोटा वाहन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कुछ ही देर में आजम खां को अमर सिंह टिप्पणी मामले में पेशी के लिए रामपुर कोर्ट ले जाया जाएगा। कोर्ट ने इस केस में आजम खां को स्वयं उपस्थित होने का आदेश दिया है।
