प्रेम जाल में फंसाकर युवती का कत्ल… नहर में मिली थी लाश, मुठभेड़ में पुलिस ने आरोपी को मारी गोली
1 min read
बुलंदशहर। बुलंदशहर के चोला थाना इलाके से एक दिल दहलाने वाली घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। प्रेम जाल में फंसाकर युवती को मौत के घाट उतार दिया गया। मृतका का गत एक दिसंबर को कोतवाली देहात क्षेत्र के वलीपुर नहर में शव मिला था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पीरवाली गली मामन चौकी के पास बुलंदशहर निवासी सलीम व अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। बृहस्पतिवार को पुलिस जब मृतका का शव लेकर उसके घर पहुंची तो परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया।
पुलिस के काफी समझाने के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार किया। वहीं आरोपी सलीम मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
मृतका की गुमशुदगी परिजनों ने 28 नवंबर को दर्ज कराई थी। एक दिसंबर को वलीपुरा नहर में एक युवती का शव मिला था। जिसकी शिनाख्त के लिए पुलिस ने जनपद, आसपास के थानों में सूचना दी थी। दो दिसंबर को परिजनों ने हुलिए के आधार पर मृतका की शिनाख्त की थी।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने सलीम और अन्य लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। मृतका को प्रेम जाल में फंसाकर उसकी हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
आरोपी युवक सलीम को पुलिस ने बुधवार रात मुठभेड़ में घायल कर दबोच लिया। सलीम को पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। शव के घर पहुंचाने पर परिजनों का दर्द फूट पड़ा। उन्होंने शव लेने से मना कर दिया। घर के बाहर रोना-चीखना और मातम पसरा रहा। सीओ के काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजनों ने भारी मन से बेटी का अंतिम संस्कार किया। सीओ भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी सलीम को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। आरोपी की निशानदेही पर आला कत्ल तमंचा, छुरा बरामद कर लिया गया। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
