Latest News

The News Complete in Website

पुलिस ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष को किया गिरफ्तार, रातभर कोतवाली में रखा बंद; जानिए मामला

1 min read

बदायूं। बदायूं के दातागंज इलाके के मुढ़ा पुख्ता पुल निर्माण समेत जन मुद्दों को लेकर सत्याग्रह कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव को पुलिस ने बुधवार रात गिरफ्तार कर लिया। उन्हें रातभर दातागंज कोतवाली में बंद रखा गया। बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे दातागंज एसडीएम द्वारा निजी मुचलके पर रिहा किया गया। इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस कार्यकतार्ओं में भारी रोष देखा गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव बुधवार से समरेर ब्लॉक क्षेत्र में स्थित मुढ़ा पुख्ता पुल के पास सत्याग्रह पर बैठे थे। उनका सत्याग्रह मुढ़ा पुख्ता पुल के निर्माण, दातागंज में चीनी मिल की स्थापना तथा भूमिहीनों को एक-एकड़ कृषि भूमि का पट्टा देने जैसी प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर चल रहा था। देर रात एसडीएम दातागंज एवं सीओ दातागंज भारी पुलिस बल के साथ सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे और अजीत यादव को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष को पूरी रात दातागंज कोतवाली में रखा गया। अगले दिन दोपहर उनकी रिहाई की खबर मिलते ही सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता दातागंज तहसील परिसर में एकत्र हो गए। रिहा होने के बाद अजीत यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार पुलिस-प्रशासन के जरिए विपक्ष की आवाज को दबाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन भाजपा के एजेंट के रूप में कार्य कर रहे हैं। भाजपा पर जुमलेबाजी का आरोप लगाते हुए कहा कि मुढ़ा पुख्ता पुल के लिए धनराशि जारी होने के दावे खोखले हैं। अधिकारियों के पास धनराशि जारी होने का कोई आदेश नहीं है। यदि टेंडर हुआ है तो भाजपा नेताओं को उसकी अधिसूचना सार्वजनिक करनी चाहिए। अधूरा पुल भाजपा के विकास के दावों की पोल खोलता है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने एलान किया कि 22 फरवरी को दातागंज में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय समेत कई दिग्गज कांग्रेस नेता पहुंचेंगे और विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी। एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष की गिरफ्तारी नहीं की गई थी। जिस पुल के निर्माण को शासन से धनराशि जारी हो गई उसी को लेकर वह प्रदर्शन कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे थे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *