Latest News

The News Complete in Website

जहानागंज में मनरेगा घोटाले की आशंका, कागजों पर 136 मजदूर, मौके पर सन्नाटा

1 min read

आजमगढ़। आजमगढ़ जनपद के जहानागंज विकासखंड अंतर्गत परसुपुर ग्राम सभा में मनरेगा के तहत कराए जा रहे एक कार्य में गंभीर अनियमितता सामने आई है। गोसाई बाबा के बगल स्थित पोखरा खुदाई कार्य में कागजों पर बड़ी संख्या में मजदूरों की उपस्थिति दर्शाई जा रही है, जबकि स्थलीय निरीक्षण में न तो कोई मजदूर मिला और न ही कोई कार्य चलता पाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 05 फरवरी 2026 को NMMS पोर्टल पर इस कार्य हेतु कुल 14 मस्टर रोल दर्ज हैं, जिनकी संख्या क्रमशः 8002 से 8015 तक है। इन मस्टर रोलों के माध्यम से कुल 136 मजदूरों को कार्यरत दिखाया गया है।
हालांकि जब मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति देखी गई तो पोखरा खुदाई का कोई कार्य प्रगति पर नहीं था। इसके बावजूद NMMS पोर्टल पर मजदूरों की उपस्थिति दर्ज होना फर्जी हाजिरी और सरकारी धन के संभावित दुरुपयोग की ओर इशारा करता है।
एक ही फोटो को अलग-अलग मस्टर रोल में अपलोड कर उपस्थिति पूरी की जा रही है, जो मनरेगा के दिशा-निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है। इतना ही नहीं, ग्रामीणों का यह भी कहना है कि 22 और 23 जनवरी के कार्यों में भी फोटो से फोटो अपलोड कर हाजिरी दर्ज की गई, जिससे यह मामला केवल एक दिन तक सीमित न होकर लगातार चल रही अनियमितता का संकेत देता है।
इस पूरे प्रकरण में ग्राम सभा स्तर से लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों तक की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इन सभी तथ्यों की पुष्टि NMMS पोर्टल पर उपलब्ध ऑनलाइन डेटा से की जा सकती है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करता है, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *