आजमगढ़ : हरिऔध कला केन्द्र में मिशन शक्ति 5.0 एवं साइबर क्राइम कौशल कार्यशाला का भव्य आयोजन
1 min read

मिशन शक्ति दक्षता परीक्षा में 100 पुलिसकर्मियों ने लिया भाग, उत्कृष्ट प्रतिभागियों का सम्मान
आजमगढ़। जनपद आजमगढ़ के हरिऔध कला केन्द्र में शनिवार को परिक्षेत्रीय स्तर पर मिशन शक्ति 5.0 एवं साइबर क्राइम कौशल कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव एवं सड़क सुरक्षा के प्रति पुलिसकर्मियों और छात्राओं को जागरूक व दक्ष बनाना रहा। कार्यशाला में आजमगढ़ परिक्षेत्र के आजमगढ़, मऊ एवं बलिया जनपद से मिशन शक्ति व साइबर हेल्प डेस्क से जुड़े पुलिसकर्मियों ने सहभागिता की। इसके साथ ही चार विद्यालयों की छात्राओं ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर महिला सशक्तिकरण एवं साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति कार्य दक्षता परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसमें तीनों जनपदों के कुल 100 पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा पुलिस उप-महानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र श्री सुनील कुमार सिंह का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। वहीं सुदीक्षा न्यू राह फाउंडेशन, आजमगढ़ के बच्चों द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायी सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री चिराग जैन ने मिशन शक्ति 5.0 अभियान, मिशन शक्ति केन्द्र, महिला बीट व्यवस्था तथा महिला बीट अधिकारियों की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री आस्था जायसवाल ने महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं जैसे महिला अपराधों पर त्वरित कार्यवाही, वीमेन पावर लाइन 1090, ऑनलाइन फैमिली काउंसलिंग, महिला साइबर सेल, एण्टी रोमियो स्क्वाड, परिवार परामर्श केन्द्र एवं भरण-पोषण से संबंधित विधिक सहायता पर प्रकाश डाला।
अपर पुलिस अधीक्षक यातायात श्री विवेक त्रिपाठी ने साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग एवं सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं।
वहीं प्रख्यात साइबर विशेषज्ञ श्री रक्षित टंडन ने ऑनलाइन माध्यम से पुलिसकर्मियों व छात्राओं को साइबर अपराध के नवीन तरीकों, सोशल मीडिया फ्रॉड, फिशिंग, ओटीपी ठगी, साइबर बुलिंग से बचाव तथा त्वरित शिकायत प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस उप-महानिरीक्षक श्री सुनील कुमार सिंह द्वारा मिशन शक्ति दक्षता परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों, मंच संचालक, हाफ लेमन रेडियो आजमगढ़ एवं सु-दीक्षा नई राह फाउंडेशन को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
