कार ने युवतियों-किशोरियों को रौंदा, चार की मौत… तीन की हालत नाजुक
1 min read

रायबरेली। यूपी के रायबरेली में रविवार शाम करीब 7.00 बजे बेकाबू कार ने निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर पैदल जा रही सात युवतियों-किशोरियों को रौंद दिया। इसमें चार युवतियों की मौत हो गई। जबकि, तीन घायल हो गईं। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हादसा जगतपुर थाना क्षेत्र के चूली गांव के पास हुआ। क्षेत्र के ही कोडर निवासी शालिनी (20) पुत्री जंगबहादुर अपनी बहन साधना (15) और भदोखर थाना क्षेत्र के अलीगंज की हिमांशी (22) पुत्री दल बहादुर और गांव की रश्मि (15) पुत्री रामरतन, आसमां (18) समेत सात युवतियां-किशोरियां चूली गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने के लिए गई थीं। भंडारे में प्रसाद खाने के बाद सभी निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे पर चलकर पैदल ही घर लौट रही थीं।
एक्सप्रेसवे पर बेकाबू कार ने एक के बाद एक सभी युवतियों को रौंद दिया। सभी गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी पर आसपास के लोगों की मदद से पुलिस ने उन्हें सीएचसी, जगतपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शालिनी और हिमांशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर आसमां और रश्मि की मौत हो गई। घटना से घरों में चीख पुकार मच गई। सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी का कहना है कि कार के रौंदने से हादसा हुआ है। घटना की जांच कराई जा रही है। कार को कब्जे में लिया गया है।
