दिल दहला देने वाली घटना: एक ही परिवार के पांच लोगों ने जहरीला पदार्थ खाकर की आत्महत्या
1 min read

महावन के खप्परपुर गांव में किसान, पत्नी और तीन मासूम बच्चों की मौत, सुसाइड नोट बरामद
मथुरा। जनपद मथुरा के महावन तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खप्परपुर में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के पांच लोगों ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों की पहचान 35 वर्षीय किसान मनीष, उनकी पत्नी सीमा, दो बेटियां हनी और प्रियांशी, तथा दो वर्षीय पुत्र पंकज के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें दीवार पर लिखा हुआ पाया गया कि “अपनी इच्छा से आत्महत्या कर रहा हूं।” हालांकि आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। बताया गया कि मनीष की शादी करीब आठ वर्ष पहले सादाबाद क्षेत्र के मड़नई गांव में हुई थी। मनीष के दो भाई गांव में ही अलग-अलग मकानों में रहते हैं, जबकि मनीष अपने परिवार के साथ इसी मकान में रहता था। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी सीमा के पिता विजेन्द्र गांव पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह एक दिन पहले ही बेटी और दामाद से मिलकर गए थे और उस समय किसी भी प्रकार की गंभीर समस्या नजर नहीं आई थी। हालांकि विजेन्द्र ने यह भी बताया कि पिछले कुछ समय से मनीष का अपने भाई बिल्लू के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस इस पहलू को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है।
