Latest News

The News Complete in Website

यूपी विधान परिषद: सरकार ने कहा नौ साल में दी चार लाख युवाओं को नौकरी, आरक्षण पर सपा का हंगामा-नारेबाजी

1 min read

लखनऊ। औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने विधान परिषद में बताया कि प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए निवेश के जरिये 3 लाख 91 हजार 44 युवाओं को अब तक मिल चुका है। कुल 16478 इकाइयां धरातल पर उतर चुकी हैं। इनमें कुल 12.10 लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। सपा एमएलसी डॉ. मान सिंह यादव ने प्रश्न प्रहर में पूछा कि प्रदेश में इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से कितनी कंपनियों ने भाग लिया है और उनमें से कितनी कंपनियों ने अपना उद्योग स्थापित करते हुए काम शुरू किया। जवाब देते हुए मंत्री नंदी ने विधान परिषद में कहा कि वर्ष 2018 में आयोजित निवेश सम्मेलन में 1045 औद्योगिक इकाइयों ने 4.28 लाख करोड़ तो वहीं 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में 19 हजार 250 औद्योगिक इकाइयों ने 33.50 लाख करोड़ के समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किया था।

इन्वेस्टर्स समिट के बाद शिलान्यास समारोह (जीबीसी) के माध्यम से बड़ी संख्या में इकाइयां स्थापित हुई हैं। जीबीसी-1 में 61792 करोड़ में 81 परियोजनाओं, जीबीसी-2 में 67202 करोड़ में 290 परियोजनाओं, जीबीसी-3 में 80224 करोड़ में 1406 परियोजनाओं और जीबीसी-4 में 10,01,056 करोड़ में 14701 परियोजनाओं समेत कुल 16,478 परियोजनाओं की स्थापना की।

सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कन्नौज के तिर्वा क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के चैनेज 196.9 से 197.30 के मध्य छूटी हुई सर्विस लेन के निर्माण कार्य के बारे में पूछा। जवाब में नंदी ने कहा कि छूटी हुई सर्विस लेन के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के कार्यों के लिए 400 करोड़ का बजट स्वीकृत है। अनुबंध गठन के बाद नौ माह के भीतर काम पूरा कर लिया जाएगा।

सपा के एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने अनुदानित राजकीय छात्रावासों की दशा सुधारे जाने की मांग की। समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि सर्वे के बाद इन छात्रावासों की दशा सुधारने के लिए समुचित कदम उठाए जाएंगे। अनुदानित छात्रवासों को भी राजकीय छात्रावासों जैसा बनाया जाएगा।

आरक्षण में गड़बड़ी के मुद्दे पर सपा का हंगामा, विधान परिषद में वेल में आकर की नारेबाजी

सरकारी भर्तियों में आरक्षण में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए विधान परिषद में समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने जमकर हंगामा किया। सदस्यों वेल में आकर नारेबाजी करने लगे। हंगामा बढ़ने पर सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। विपक्ष के आरोपों को नकारते हुए नेता सदन केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि भाजपा सरकार आरक्षण में रत्ती भर भी गड़बड़ी नहीं होने देगी।

यदि किसी अधिकारी की लापरवाही मिली तो कार्रवाई की जाएगी। सरकारी भर्तियों में आरक्षण में घोटाले का आरोप लगाते हुए सपा एमएलसी मान सिंह यादव ने कहा कि 69000 शिक्षक भर्ती में सरकार की नीयत संदिग्ध है। बीईओ, स्वास्थ्य विभाग और प्रदेश के 31 राज्य विश्नविद्यालयों में की गई भर्तियों का आंकड़ा देते हुए कहा कि किसी में आरक्षण की शर्तों का पालन नहीं किया गया। तंज कसा कि हाईस्कूल के बच्चे भी प्रतिशत निकाल लेते हैं लेकिन अधिकारी नहीं निकाल पाते। किरण पाल कश्यप ने आरक्षण की लूट का आरोप लगाते हुए कहा कि ये भाजपा सरकार का आखिरी बजट है। इस पर भाजपा सदस्यों ने आपत्ति करते हुए हंगामा किया।

नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने सवाल उठाया कि जिन अधिकारियों ने आरक्षण के नियमों का उल्लंघन किया है, उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियों के विज्ञापन में ही अधिकारी नियमों का अनुपालन नहीं कर रहे हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *