Latest News

The News Complete in Website

आजमगढ़ : राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस में 58.7% बच्चों को मिली दवा, सठियांव ब्लॉक रहा अव्वल

1 min read

जनपद आजमगढ़ में एल्बेंडाजोल दवा वितरण का व्यापक अभियान, मॉप-अप दिवस पर शत-प्रतिशत लक्ष्य का प्रयास

आजमगढ़। जनपद आजमगढ़ में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (NDD) के अंतर्गत कृमिनाशक दवा वितरण का व्यापक अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया। अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, परिषदीय एवं निजी विद्यालयों तथा स्वास्थ्य इकाइयों के माध्यम से बच्चों और किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि जनपद में कुल 21 लाख 73 हजार 750 बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके सापेक्ष प्रथम चरण में 12 लाख 76 हजार 876 बच्चों को दवा दी गई, जो लगभग 58.70 प्रतिशत कवरेज है। उन्होंने बताया कि सठियांव ब्लॉक में सर्वाधिक कवरेज दर्ज की गई, जबकि कुछ अन्य ब्लॉकों में अपेक्षाकृत कम प्रगति रही है। ऐसे क्षेत्रों में मॉप-अप दिवस पर विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा।

डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी एनडीडी डॉ. अरविंद चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण अभियान है। कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में कुपोषण, एनीमिया और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को कृमिनाशक दवा अवश्य दिलाएं। साथ ही शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा एवं स्वास्थ्य कर्मियों से मॉप-अप दिवस पर विशेष सतर्कता बरतने और छूटे हुए बच्चों तक दवा पहुंचाने का आग्रह किया।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग सहित अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए जनपदवासियों से इस जनस्वास्थ्य अभियान में सहयोग बनाए रखने की अपील की।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *