लूट के मामले को चोरी दिखाने में नपे बैरिया थाना प्रभारी, निलंबित; डीआईजी के निरीक्षण के बाद गिरी गाज
1 min read
बलिया। बलिया जिले में बैरिया क्षेत्र के भिखाछपरा नई बस्ती (मुज के डेरा) गांव में 8 फरवरी की रात में मोतीलाल गोंड के घर हुई लूट के मामले में मंगलवार रात पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ सुनील कुमार सिंह पीड़ितों से मिलने पहुंचे। उनसे लूट के संबंध में बारीकी से पूछताछ की। घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के इलाकों का भ्रमण भी किया।
बदमाश किस रास्ते से आए और किस रास्ते गए आदि की जानकारी ली। उन्होंने बैरिया पुलिस को लूट की घटना को चोरी लिखने पर जमकर फटकार लगाई। डीआईजी के निर्देश पर एसपी ने तत्कालीन थाना प्रभारी विपिन सिंह को निलंबित कर दिया। एक दिन पहले ही उनका स्थानांतरण यहां से चितबड़ागांव थाने पर किया गया था।
डीआईजी ने कहा कि आपराधिक घटनाओं को मिनिमाइज करके दर्ज करना अपराध के श्रेणी में आता है। इस हम कभी स्वीकार नहीं करते। स्थानीय पुलिस को कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहने को चेतावनी दी। पुलिस उपमहानिरीक्षक ने पीड़ितों को भरोसा दिया कि उनके साथ न्याय होगा। सभी अपराधी पकड़े जाएंगे। लूट का माल भी बरामद किया जाएगा। डीआईजी के साथ पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी बैरिया मो.फहीम कुरैशी के अलावा बैरिया थाने की पूरी फोर्स मौजूद थी।
