मुख्तार अंसारी के गुर्गे की गोली मारकर हत्या, बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां; वारदात से फैली दहशत
1 min read
लखनऊ। बाराबंकी में थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत असैनी मोड़ के पास शुक्रवार दोपहर अज्ञात बदमाशों ने सिविल लाइन निवासी अधिवक्ता सुयेब उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि अधिवक्ता सुयेब उर्फ बॉबी लखनऊ से बाराबंकी की ओर अपनी बलेनो कार से आ रहे थे। जैसे ही उनकी कार असैनी मोड़ ब्रिज के ऊपर पहुंची, पहले से घात लगाए बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय और अपर पुलिस अधीक्षक विकास त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
बताया जा रहा है कि एडीजी जोन लखनऊ भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में इलाके की घेराबंदी कर दी है। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
