आधी रात गायब हुआ पूरा परिवार, दो महिलाएं और पांच बच्चे लापता, सीसीटीवी में मिले सुराग, तलाश जारी
1 min read

औरैया। औरैया जिले में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव बन्धरा में मंगलवार तड़के हड़कंप मच गया। यहां एक ही परिवार की दो महिलाएं अपने पांच बच्चों के साथ घर से लापता हो गईं। एक साथ सात लोगों के अचानक लापता होने से गांव सहित क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजन की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। बंधरा निवासी आशीष ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह करीब चार बजे जब परिवार के लोग जागे, तो घर में दो महिलाएं और बच्चे नहीं मिले। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कहीं पता नहीं चला, तो परिजन के हाथ-पांव फूल गए। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाओं के पति बाहर रहकर नौकरी करते हैं और घर पर महिलाएं व बच्चे ही थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाल मुकेश बाबू चौहान फोर्स के साथ गांव पहुंचे। गांव के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज खंगाले। इस दौरान दोनों महिलाएं अपने बच्चों के साथ पैदल जाती दिखाईं दी। फुटेज के आधार पर पुलिस की दो टीम उनकी तलाश में जुट गईं है। बाहर रह रहे दोनों महिलाओं के पति को सूचना दे दी गई। दोनों घर के लिए चल दिए। इसी दौरान पुलिस को गांव कीरतपुर में एक बैग मिला, जिसे जांच के बाद परिजन को सौंप दिया गया।
