डॉ. विजय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में आयुर्वेद वाणी प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
1 min read

वाराणसी । डॉ. विजय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज अस्पताल एवं अनुसंधान केन्द्र, भंदहा कला, कैथी, वाराणसी–221116 के मीडिया प्रभारी डॉ. सिद्दार्थ ने अवगत कराया कि संस्था के अध्यक्ष डॉ. विजय यादव द्वारा भगवान धन्वन्तरी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के पश्चात विश्व आयुर्वेद परिषद्, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में छात्रों में आयुर्वेद शिक्षा के विकास एवं उनके भविष्य के दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करने हेतु आयोजित एक दिवसीय Ayurveda Vani ‘आयुर्वेद वाणी’ Three Tier Oratory Excellence Competition (राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता) का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता कार्यक्रम संस्था के प्रधानाचार्य प्रोफेसर (डॉ.) प्रकाश राज सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार सिंह द्वारा किया गया। निर्णायक मण्डल में डॉ. उमेश चौधरी, डॉ. महाशान्ति शेखर शुक्ला एवं डॉ. सोनम केशरी शामिल रहे। प्रतियोगिता में संस्था की छात्रा श्रुति पाण्डेय ने प्रथम स्थान, अर्पण मिश्रा ने द्वितीय स्थान तथा रूचि सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में कुल 18 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर संस्था के सभी विभागों के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ शिक्षकगणों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी सत्रों के छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता एवं उत्साहपूर्ण उपस्थिति से कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी रहा।
