शंकराचार्य पर लगे पास्को पर गरमाई प्रदेश की राजनीति, कांग्रेस लिखेगी पीएम मोदी को पत्र; भाजपा ने दिया जवाब
1 min read

लखनऊ। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। मांग की है कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विरुद्ध दर्ज पॉक्सो प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाए। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि सत्ता के हंटर से संतों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। इसे तत्काल बंद किया जाए। उन्होें कहा कि शंकराचार्य पर यह कार्रवाई तब हुई जब उन्होंने कुंभ मेले की अव्यवस्थाओं पर प्रदेश सरकार को घेरा था। यह सीधे तौर पर राजनीतिक प्रतिशोध की बू देता है। कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि अनुच्छेद 25-26 के तहत मिली धार्मिक स्वायत्तता और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा है कि किसी भी आध्यात्मिक पद की गरिमा को सियासी रंजिश का हथियार बनाना लोकतंत्र और संविधान, दोनों के खिलाफ है। इसलिए पूरे मामले में किसी स्वतंत्र या केंद्रीय एजेंसी से जांच कराई जाए। ताकि हकीकत सामने आ सके। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर केस दर्ज कराने वाले शाकुंभरी पीठाधीश्वर के आशुतोष ब्रह्मचारी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार 20 साल पुरानी घटना खोज कर लाई है। इसका मकसद स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को अपमानित करना है। अगर शिकायकर्ता स्वामी रामभद्राचार्य का शिष्य है तो मुझसे गलती हुई। मैंने रामभद्राचार्य पर दर्ज केस वापस लिया था। मुझे उनको जेल भेज देना चाहिए था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के उस बयान पर पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने उपमुख्यमंत्री को 100 विधायक लाकर मुख्यमंत्री बनाने का आॅफर दिया था। उन्होंने कहा कि अखिलेश का बयान उनकी हताशा, निराशा और राजनीतिक दिवालियापन को दशार्ता है। पंकज चौधरी ने कहा कि सपा नेताओं को अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। उनका जनाधार घट रहा है और संगठन कमजोर हो रहा है। सपा में केवल परिवारवाद और अंतर्कलह ही दिखाई देता है। विपक्ष के पास जनहित के मुद्दे नहीं बचे हैं, इसलिए वह ऐसे बयान देकर सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रहा है। सपा मुखिया को समझना चाहिए कि प्रदेश की जनता अब विकास और सुशासन की राजनीति को ही स्वीकार करती है। विपक्ष के ऐसे बयान भाजपा के संकल्प और जनसमर्थन को कमजोर नहीं कर सकते।
