फार्म हाउस हत्याकांड…भाई ने ली भाई की जान, तालाब में डीवीआर और पिस्टल फेंकी थी; देखें तस्वीरें
1 min read

चंदौली। कंदवा के जलालपुर गांव के पूरब स्थित फार्म हाउस में सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस और क्राइम ब्रांच को अहम सफलता मिली है। घटना के बाद गायब सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर और हत्या में उपयोग किए गए पिस्टल को पुलिस ने हिरासत में लिए गए नौकर की निशानदेही पर शनिवार को जमानिया थाना क्षेत्र के बरुईन गांव के विपिन बिहारी सिंह के तालाब से बरामद कर लिया। थानाध्यक्ष राजीव कुमार मल्ल ने बताया कि संपत्ति के विवाद में भाई ने ही भाई की हत्या की है। रविवार को इस मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। डीवीआर और पिस्टल बरामद होने के बाद पुलिस ने मृतक के बड़े भाई विवेक सिंह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब बरामद डीवीआर में मौजूद फुटेज की जांच कर घटना से जुड़े सुराग तलाशने में जुटी है। जलालपुर गांव के विशाल सिंह 27 बृहस्पतिवार की दोपहर अपने फार्म हाउस में सो रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने गोलीमार कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर खेतों के रास्ते भाग गए थे और पहचान छिपाने के लिए फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। इसी क्रम में हिरासत में लिए गए नौकर की निशानदेही पर शनिवार को बरुईन गांव के पास एक तालाब से डीवीआर और घटना में इस्तेमाल किए गए पिस्टल को बरामद कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि बरामद डीवीआर और पिस्टल की जांच कराई जा रही है। फुटेज के आधार पर घटना से जुड़े लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।
