ब्लॉक में दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल व कृत्रिम उपकरण वितरित
1 min read

भांवरकोल/ गाजीपुर । ब्लॉक मुख्यालय परिसर में आयोजित एक समारोह में जिला दिव्यांग कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को निःशुल्क ट्राई साइकिल एवं अन्य कृत्रिम उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय (मुन्ना) ने लाभार्थियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और हरी झंडी दिखाकर ट्राई साइकिल व अन्य उपकरण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को रवाना किया।
इस अवसर पर दिव्यांग कल्याण विभाग की ओर से ट्राई साइकिल के लिए 36, नेत्र दिव्यांगों के लिए स्मार्ट केन (छड़ी) हेतु 3 तथा श्रवण दिव्यांगों (बधिर) के लिए 8 लाभार्थियों का चयन किया गया था। चयन सूची के आधार पर उपकरणों का वितरण किया गया। समाचार लिखे जाने तक 36 के सापेक्ष 33 लाभार्थियों को ट्राई साइकिल, 3 के सापेक्ष 2 नेत्र दिव्यांगों को स्मार्ट केन तथा 11 के सापेक्ष सभी 11 लाभार्थियों को एक-एक जोड़ी बैसाखी वितरित की जा चुकी थी।
बधिर श्रेणी के किसी भी लाभार्थी के समारोह में उपस्थित न होने के कारण कान की मशीन का वितरण नहीं हो सका। इस संबंध में प्रभारी सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) संतोष कुमार कुशवाहा ने बताया कि शेष उपकरण लाभार्थियों के पहुंचने पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय (मुन्ना) एडीओ (समाज कल्याण) संतोष कुमार कुशवाहा, दिव्यांग कल्याण विभाग के अनमोल यादव, सचिव सूर्यभानु कुमार राय, राजकुमार यादव, रवि प्रकाश यादव, महताब अली, शशिकांत, पंकज यादव, वसीम अंसारी, राजकुमार, राम प्रकाश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
