दो मंजिला मकान में आठ घंटे से धधक रही आग, मां- बेटे की मौत; छत से कूदा पति घायल
1 min read

बलिया। बलिया जिले के गड़वार थाना के चिलकहर चट्टी के डुमरी मार्ग स्थित दो मंजिला मकान में आग लगने से मां रिंकी चौरसिया (25) व पांच वर्षीय पुत्र धीरज कुमार की झुलसने मौत हो गई। पति नीरज ने छत से कूद कर जान बचाई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। आग की लपटों को देखकर लोग पास जाने से भी डरते रहे। आग भोर में लगी, लेकिन अभी तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है। चिलकहर चट्टी के डुमरी मार्ग पर नीरज चौरसिया की किराना की होलसेल की दुकान है। वह प्रथम तल पर पत्नी रिंकी व बेटा धीरज के साथ रहते थे। रविवार की रात 2 बजे के बाद अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। आग फैलते देख नीरज ने प्रथम तल पर पहुंचकर पत्नी व बेटे को जगाकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन मकान की सीढ़ी का दरवाजा बाहर से बंद होने के कारण सभी लोग फंस गए।
नीरज ने छत से कूदकर जान बचाई, इसमें उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। नीरज की चीख- पुकार सुनकर और धुआं-धुआं निकलता देख आसपास के लोग बचाने पहुंचे तब तक रिंकी चौरसिया व बेटा धीरज गंभीर रूप से झुलस गए। इलाज के लिए लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने पत्नी रिंकी व बेटे धीरज को मृत घोषित कर दिया। नीरज को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उधर, नीरज के पिता झूलन चौरसिया जो घर में थे, लेकिन उनका पता नहीं चल रहा है।
