प्रेमी ने दिखाए फोटो तो परिजनों ने छुड़वा दी पढ़ाई, प्रेमिका ने वही फोटो दुल्हन को दिखा लौटा दी बरात
1 min read

बागपत। मुजफ्फरनगर के एक गांव के रहने वाले प्रेमी ने 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली दोघट क्षेत्र की प्रेमिका के परिवार वालों को अपने साथ में फोटो दिखाए तो उन्होंने उसकी पढ़ाई छुड़वा दी। अपने सपनों के कत्ल का प्रेमिका ने बृहस्पतिवार को पूरे एक साल बाद बदला लिया। उसका प्रेमी शादी करने के लिए बरात लेकर बागपत के निवाड़ा में पहुंचा तो प्रमिका भी पीछे से आ गई और उसने दुल्हन को दूल्हे के साथ अपने पुराने फोटो दिखा दिए। दुल्हन ने फोटो देखकर शादी करने से साफ इंकार कर दिया। शादी टूटने के साथ ही हंगामा होने लगा तो दूल्हा अपने दोस्तों के साथ वहां से भाग गया। दूल्हे के पिता, जीजा समेत कई रिश्तेदारों को दुल्हन पक्ष के लोगों ने बंधक बना लिया। पुलिस सूचना मिलने पर आई और उनको थाने ले गई। दूल्हे पक्ष के लोगों ने खर्च के ढाई लाख रुपये दिए और दोनों पक्षों में समझौता हो गया। मुजफ्फरनगर के गढ़ी गांव में दोघट क्षेत्र की रहने वाली युवती छह साल पहले एक शादी में गई थी। वहां उसकी युवक से मुलाकात हुई और दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग हो गया। युवक ने शादी की इच्छा जताई तो युवती ने एक साल बाद 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद शादी करने की बात कह दी। इसके बावजूद युवक ने अपने जीजा को युवती के पिता के पास भेज दिया। जीजा ने बातचीत के दौरान दोनों के निजी फोटो उसके पिता को दिखा दिए। इससे नाराज होकर परिवार वालों ने युवती का कॉलेज जाना बंद करा दिया और वह पढ़ाई नहीं कर सकी। इसके अलावा भी घर वालों ने काफी बंदिश लगा दी।
अब एक साल बाद युवती को पता चला कि युवक की शादी तय हो गई है और उसकी बरात बृहस्पतिवार को बागपत के निवाड़ा गांव में जाएगी। जब बरात निवाड़ा गांव में पहुंची तो युवती भी वहां पहुंच गई। उसने दुल्हन को दूल्हे के साथ अपने पुराने फोटो दिखाए। फोटो देखते ही दुल्हन ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। हंगामा बढ़ने पर आए पुलिसकर्मी सभी को कोतवाली ले आए।
युवती का कहना है कि उसने अपनी बेइज्जती का बदला ले लिया, अब उसे कोई कार्रवाई नहीं करानी। इस मामले में जांच अधिकारी सत्यम जंघाला का कहना है कि हंगामा करने वाली युवती ने तहरीर देने से मना कर दिया। इसके अलावा दूल्हे और दुल्हन पक्ष में समझौता हो गया।
बरात लेकर आए बराती नाश्ता कर रहे थे तो तभी दूल्हे की प्रेमिका ने वहां आकर हंगामा कर दिया। इससे दुल्हन पक्ष के लोग भी भड़क गए। हंगामा बढ़ने लगा तो बरातियों को नाश्ता छोड़कर भागना पड़ा।
