UP कॉलेज हत्याकांड: हत्यारोपी मंजीत कोर्ट में पेश, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा जेल, साथी की तलाश जारी
1 min read
वाराणसी। यूपी कॉलेज में छात्र की दिनदहाड़े हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। घटना में शामिल उसका साथी अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं। जानकारी के अनुसार, यूपी कॉलेज के कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय की गैलरी में बीएससी फोर्थ सेमेस्टर के 23 वर्षीय छात्र सूर्य प्रताप सिंह की शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे क्लासरूम के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी ने छात्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें सीने और सिर में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान कैंपस में अफरा-तफरी मच गई थी। बताया जा रहा है कि करीब सात राउंड फायरिंग के बाद आरोपी मंजीत चौहान सामाजिक विज्ञान संकाय के बरामदे में पिस्टल फेंककर मौके से भाग गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आक्रोशित छात्रों ने सुबह से रात तक हंगामा मचाया था, जिन्हें पुलिस ने काबू में कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके फरार साथी की तलाश जारी है। घटना के बाद कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सूर्य प्रताप सिंह के सिर और सीने में 4 गोलियां लगी हैं। सूर्य के दोस्त उत्कर्ष की तहरीर के आधार पर शिवपुर थाने की पुलिस ने लालपुर-पांडेयपुर के चांदमारी निवासी आरोपी मंजीत चौहान और अनुज सिंह के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, वारदात की वजह आपसी रंजिश है। अनुज सिंह हत्यारोपी मंजीत का मददगार है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से तीन कारतूस बरामद किए हैं। पोस्टमार्टम के दाैरान सूर्य प्रताप सिंह के शरीर से चार गोलियां निकली हैं। दूसरी तरफ, आरोपी मंजीत चौहान को छह घंटे के अंदर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जांच और दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें लगाई गई हैं।
